मध्य प्रदेश के महू में हिंसा के बाद होली को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। महू में पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है। घरों की छतों पर पत्थर इकट्ठा ना हों, इसकी भी जानकारी ली जाएगी। पुलिस ने उस जामा मस्जिद के पास भी जवान तैनात कर दिए हैं, जहाँ पर हिंसा की शुरुआत हुई थी।
पुलिस ने मुस्लिमों को यह सलाह दी है कि अगर उन्हें मस्जिदों पर रंग पड़ने से समस्या है, तो वह उसे ढँक लें। हालाँकि, अभी तक मस्जिद ढँकने की खबर सामने नहीं आई है। पुलिस के 200 जवान अलग-अलग प्वाइंट पर हर समय तैनात रहेंगे। महू में 2000 से अधिक पुलिसबल तैनात किया गया है।
स्थिति बिगड़े नहीं, इसके लिए थानों का 90% बल सड़कों पर उतार दिया गया है। पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। गौरतलब है कि चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद जश्न मनाते हुए युवाओं पर महू में मुस्लिमों ने हमला किया था। इसमें कई लोग घायल हो गए थे।