Tuesday, April 22, 2025

कुणाल कामरा देश प्रेमी, वे राजनीति नहीं करते: प्रशांत किशोर ने लिया ‘विवादित कॉमेडियन’ का पक्ष, बताया ‘अच्छा दोस्त’

चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने विवादित कॉमेडियन कुणाल कामरा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कुणाल राजनीति नहीं करते और उनका कोई छिपा हुआ मकसद नहीं है। वो देश से प्यार करते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रशांत किशोर ने कहा, “कुणाल मेरे दोस्त हैं। वह जैविक खेती करते हैं और स्टैंड-अप कॉमेडी भी करते हैं। उनका किसी से राजनीतिक झगड़ा नहीं है। वह देश से प्यार करने वालों में से एक हैं। हो सकता है कि उन्होंने शब्दों का सही चयन नहीं किया हो लेकिन अगर उन्होंने कुछ गलत कहा है तो कानून के हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए।”

दरअसल, विवादित कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर अपनी वीडियो में टिप्पणी की थी, जिससे राजनीतिक विवाद बढ़ता चला गया। कुणाल पर शिवसेना नेता ने FIR दर्ज कराई। मुंबई पुलिस ने उन्हें दो नोटिस भेजे, जिसके खिलाफ उन्होंने जमानत की याचिका दर्ज की। शुक्रवार (28 मार्च 2025) को मद्रास हाईकोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी।