Monday, June 2, 2025

सड़कों पर लगाई आग, पुलिस पर किया हमला… पेरिस में PSG के जीतने पर फैंस ने जमकर मचाया उत्पात: 2 की मौत, 192+ घायल

फ्रांस के फुटबॉल क्लब पीएसजी (पेरिस सेंट जर्मैन) ने शनिवार (31 मई 2025) को चैंपियंस लीग जीती। इस बात का जश्न मनाने लोग पेरिस की सड़कों पर उतर आए। इस दौरान अचानक हिंसा भड़क गई। इसमें 2 लोगों के मरने और 192 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।

फुटबॉल चैंपियंस लीग के इतिहास में पीएसजी ने पहली बार खिताब जीता है। इस जीत के बाद फैंस पेरिस की सड़कों पर उतर कर खुशी जता रहे थे। इस बीच कुछ उपद्रवियों की पुलिस से झड़प हो गई, जिसके बाद उपद्रवियों ने चैंप्स एलिसीज पर बस शेल्टरों को तोड़ दिया, आगजनी की और पुलिस बल पर भी हमला किया।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने वॉटर कैनन और आँसू गैस के गोले दागे, जिससे भगदड़ मच गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 192 लोग घायल हो गए। 

रॉयटर्स के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग जगहों से कुल 559 लोगों को गिरफ्तार किया है।