Sunday, March 9, 2025

पूरे पाकिस्तान से इस्लामाबाद कूच कर रहे PTI कार्यकर्ता, बुशरा बीबी बोली- इमरान खान को लिए बिना नहीं जाएँगे

पाकिस्तान में राजनीतिक हालात फिर अस्थिर हो गए हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इन्साफ (PTI) के मुखिया इमरान खान की रिहाई समेत बाकी माँगों के साथ कार्यकर्ता एक बार फिर इस्लामाबाद पहुँच रहे हैं। इस रैली में इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी और खैबर पख्तूनख्वाह के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर भी शामिल हैं।

पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों से काफिले राजधानी इस्लामाबाद की तरफ बढ़ रहे हैं। इसमें हजारों की संख्या में PTI कार्यकर्ता और नेता शामिल हैं। बुशरा बीवी ने ऐलान किया है कि जब तक वह खान को रिहा नहीं करवा लेते तब तक वापस नहीं जाएँगे।

दूसरी तरफ पाकिस्तान की गठबंधन सरकार ने PTI को रोकने के लिए पूरे इंतजाम कर रखे हैं। कई जगहों पर सड़कें ब्लॉक कर दी गई हैं, भारी मात्रा में सुरक्षाबल लगाए गए हैं। इस्लामाबाद में हिंसा होने के भी आसार जताए गए हैं। इस बीच सरकार ने इमरान खान और उनकी बीवी पर आतंक के मामले दर्ज किए हैं।