पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगा रहेगा। ऐसे में वह एक और वर्ष जेल से बाहर नहीं आ सकेगा। अमृतपाल सिंह पर एक वर्ष और NSA लगाए जाने का फैसला पंजाब की भगवंत मान सरकार ने लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब सरकार अमृतपाल सिंह को अब भी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मान रही है। MP अमृतपाल सिंह वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसे 2023 में पंजाब से गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पंजाब के अजनाला में एक पुलिस थाने पर हमला करने के मामले में हुई थी।
अमृतपाल सिंह ने हाल ही में अपनी पार्टी भी बनाई थी जिसे वर्तमान में उसके सहयोगी और परिजन चला रहे हैं। अमृतपाल सिंह के साथ आरोपित बनाए गए बाकी लोगों पर NSA की कार्रवाई ना बढ़ाने का फैसला पंजाब सरकार ने लिया था। MP अमृतपाल पर एक हत्या के मामले में शामिल होने का भी आरोप है।