Saturday, June 21, 2025

पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा का एक करीबी धराया, दूसरा मौके से फरार: छानबीन में एक के ठिकाने से मिले तमाम दस्तावेज, दूसरे के घर से लाखों रुपए बरामद

पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद अब उनके करीबी महेश मखीजा को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी कल रात हुई है। खबरों के अनुसार मखीजा जालंधर की मुख्य सब्जी मंडी में आढ़ती के तौर पर काम करता है। बताया जा रहा है कि भ्रष्टाचार से संबंधित जरूरी डॉक्यूमेंट विजिलेंस टीम के हाथ लगे हैं।

गिरफ्तारी के बाद मखीजा को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया। यहाँ विजिलेंस ब्यूरो ने उसकी 7 दिन की रिमांड माँगी, लेकिन अदालत ने 4 दिन की न्यायिक रिमांड ही ग्रांट की। वहीं खबर के अनुसार, पुलिस इस मामले में रमन अरोड़ा के एक और करीबी को पकड़ने गई थी, लेकिन वह पहले ही अपने ठिकाने से फरार था। छापेमारी में उसके भी घर से पुलिस को लाखों रुपए मिले हैं।

इससे पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 23 मई की सुबह जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा के घर छापा मारा था और उन्हें गिरफ्तार किया था। छापेमारी से 10 दिन पहले ही रमन अरोड़ा की सुरक्षा हटाई गई थी।