Saturday, July 19, 2025

BSF जवानों को दी गंदी ट्रेन, रेलवे के 4 अधिकारी हुए सस्पेंड: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लिया एक्शन

अमरनाथ यात्रा के दौरान तैनाती के लिए जाने वाले BSF जवानों को गन्दी और जर्जर ट्रेन आवंटित करने वाले अधिकारियों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्शन लिया है। BSF जवानों के लिए ढंग की व्यवस्था ना करने वाले 4 अधिकारियों को रेल मंत्री ने सस्पेंड कर दिया है।

यह कार्रवाई बुधवार (11 जून, 2025) को की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों पर एक्शन की जानकारी बुधवार को दी है। गौरतलब है कि त्रिपुरा से BSF के 1200 जवानों को जम्मू भेजा जाना था। इनकी ड्यूटी अमरनाथ यात्रा में लगाई गई थी। इनके आवागमन के लिए एक विशेष ट्रेन की माँग की गई थी।

अगरतला में इन्हें जो ट्रेन दी गई, उसमें सीटें टूटी हुई थी और टॉयलेट एकदम खराब थे। इस ट्रेन के डिब्बों में बिजली के उपकरण भी नहीं चल रहे थे और सीटों की हालत ही दयनीय थी। BSF जवानों ने इस ट्रेन पर चढ़ने से मना कर दिया था। इस खबर का संज्ञान होने पर रेल मंत्री ने यह लापरवाही करने वालों पर एक्शन लिया।