Wednesday, May 14, 2025

सोहेल-रेहान ने पहले हिंदू युवक को मारी गाड़ी से टक्कर, फिर गोली दागकर मौत के घाट उतारा: राजस्थान के झालावाड़ में फैला तनाव, 1 हिरासत में

राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग कस्बे में गुरुवार (24 अप्रैल 2025) शाम शादी समारोह के दौरान वीडियो शूटिंग करने गए हिंदू युवक शंभू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपितों की पहचान सोहेल खान और रेहान के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात सोहेल और रेहान ने नीली कार में सवार होकर शंभू सिंह को पहले टक्कर मारी, जब विवाद बढ़ा तो वे गाड़ी से उतरे और शंभू सिंह पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए।

घटना पता चलते ही इलाके में तनाव फैल गया। घायल को फौरन अस्पताल ले जाया गया, मगर वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में आगजनी जैसी घटनाएँ सामने आईं। इंटरनेट भी कुछ समय बंद किया गया। बाद में स्थिति कंट्रोल की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल रेहान को हिरासत में ले लिया। वहीं टीमें गठित करके सोहेल खान की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया है।

पुलिस के अनुसार सोहेल एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के सामने धरना प्रदर्शन कर कस्बे में कई दुकानों और गुमटियों में आग लगा दी। हालात काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और फिलहाल कस्बे में शांति बनी हुई है।