Wednesday, May 21, 2025

‘किसी भी सैन्य अभियान की न हो LIVE कवरेज’: पहलगाम हमले के बाद मीडिया को केंद्र सरकार की सख्त चेतावनी, कहा – शत्रु को न पहुँचे फ़ायदा

पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के 4 दिन बाद शनिवार (26 अप्रैल, 2025) को भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी मीडिया चैनलों के लिए दिशानिर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि रक्षा तथा अन्य सुरक्षा से संबंधित अभियानों की रिपोर्टिंग करते समय मौजूदा कानूनों और नियमों का सख्ती से पालन करें। किसी भी सैन्य ऑपरेशन की लाइव कवरेज (रियल टाइम) न करने के लिए कहा गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि सूत्रों के हवाले से सैन्य ख़बरें न चलाएँ।

मंत्रालय ने मीडिया से कहा है कि सैन्य अभियानों की लाइव कवरेज शत्रुओं की सहायता कर सकती है और अभियान के प्रभाव को कम कर सकती है। संवेदनशील जानकारियाँ सार्वजनिक न हों, इसीलिए ये क़दम उठाया गया है। कारगिल हमला, 26/11 मुंबई हमला और कंधार हाईजैक की घटनाओं के समय देश को मीडिया की पल-पल की लाइव कवरेज का नुकसान उठाना पड़ा था।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कहा है कि किसी भी आतंक विरोधी अभियान जिसमें सुरक्षा बल शामिल हों, उसका लाइव कवरेज न किया जाए। प्रेस ब्रीफिंग तक ही ख़बरों को सीमित रखा जाए। ऐसा न करने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। रिपोर्टिंग के लिए संवेदनशीलता व सतर्कता बनाए रखने के लिए कहा गया है।