Saturday, January 11, 2025

संभल हिंसा में CO पर गोली चलाने वाला सलीम गिरफ्तार, पुलिस ने तमंचा बरामद किया: छत से पत्थर फेंकने वाली जिकरा भी हिरासत में

संभल में 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के विरोध में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने दो प्रमुख गिरफ्तारियाँ की हैं। पहली गिरफ्तारी हिस्ट्रीशीटर सलीम की हुई है, जिसने सीओ अनुज चौधरी पर गोली चलाने और हेड कांस्टेबल राजपाल से कारतूस लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। सलीम के पास से पुलिस ने पाँच लूटे गए कारतूस और एक तमंचा बरामद किया है। हिंसा के बाद सलीम दिल्ली के सीलमपुर भाग गया था और माहौल शांत होने पर वापस संभल लौटा, जहाँ उसे भूरे खाँ की ज्यारत के पास से गिरफ्तार किया गया। सलीम पर गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।

दूसरी गिरफ्तारी जिकरा पत्नी सुहैब निवासी हिंदूपुरा खेड़ा की हुई है। वह हिंसा के दौरान मकान की छत से पुलिस के काफिले पर पत्थर फेंकते हुए वीडियो में कैद हुई थी। जिकरा की पहचान के बाद नखासा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया कि पुलिस हिंसा में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई कर रही है। इस हिंसा में हजारों की भीड़ ने पथराव, फायरिंग और वाहनों में आगजनी की थी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी, तो कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हो गए थे।