Monday, April 21, 2025

मोगा में शिवसेना के जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, गोलीबारी में 12 साल का किशोर भी घायल: पंजाब पुुलिस ने टारगेट किलिंग या आतंकी घटना से किया इनकार

होली के दिन गुरुवार की रात (13 मार्च) को पंजाब के मोगा में अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना समूह के जिला अध्यक्ष मंगत राय मांगा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में एक नाबालिग भी घायल हो गया है। मंगत 10 बजे रात को गिल पैलेस के पास एक डेयरी पर दूध खरीद रहे थे। उसी समय बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली 11-12 साल के बच्चे को जा लगी।

हमले को देखकर मंगत राय अपनी बाइक पर बैठकर वहाँ से भाग निकले। हालाँकि, हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन पर गोली चलाई। गोली मंगत राय को जा लगी और वे बाइक से गिर गए। इसके बाद हमलावर वहाँ से भाग निकले। मंगत राय को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल किशोर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मोगा पुलिस के अनुसार, मांगा का हाल ही में स्थानीय प्रतिद्वंद्वियों के एक गुट से झगड़ा हुआ था। यह घटना उसी का नतीजा हो सकता है। मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गाँधी ने टारगेंट किलिंग या आतंकी घटना से इनकार किया है। इस मामले में मांगा के परिजनों ने 6 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, एक अन्य घटना में तीन मोटरसाइकिल सवार रात करीब 9 बजे मोगा के ही बगियाना बस्ती के एक सैलून के मालिक देवेंद्र कुमार को गोली मार दी। हमलावर सैलून में बाल कटवाने के लिए घुसे थे। कुछ देर के बाद वे देवेंद्र कुमार पर दो गोलियाँ चला दीं। इसके बाद वे भाग निकले। एक गोली देवेंद्र के पैर में लगी है। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।