भगोड़े नीरव मोदी की एक प्रॉपर्टी अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा की कंपनी ‘भाने ग्रुप’ ने खरीदी है। दंपती ने करीब 48 करोड़ रुपए में मुंबई का ‘रिदम हाउस’ खरीदा है। इस म्यूजिक स्टोर का संचालन पहले नीरव मोदी की कंपनी फायरस्टार डायमंड इंटरनेशनल प्राइवेट करती थी। लेकिन 2018 से यह बंद है।
रिदम स्टोर, नीरव मोदी की उन संपत्तियों में शामिल है, जिसकी देखरेख इंडियन बैंकरप्सी कोर्ट कर रहा था। इसकी बिक्री की पुष्टि फायरस्टार की संपत्तियों की बिक्री की देखरेख करने वाले ऑफिशियल शांतनु टीरे ने ब्लूमबर्ग से बातचीत में की है। उन्होंने बताया कि 57 लाख डॉलर में इस सौदे को स्टेकहोल्डर कमिटी ने मँजूरी दी है। आनंद आहूजा के पिता ने भी सौदे की पुष्टि की है। लेकिन यह कितने में हुआ है इसका खुलासा नहीं किया है।
3600 वर्ग फुट में फैला रिदम हाउस काफी प्रसिद्ध म्यूजिक स्टोर रहा है। यहाँ बॉलीवुड एक्टर्स भी आते थे। गौरतलब है कि नीरव मोदी की ब्रांड की ज्वेलरी का जो सेलिब्रिटी प्रमोशन कर चुकीं हैं, उनमें सोनम कपूर भी शामिल हैं।