Sunday, June 15, 2025

नेपाल सीमा से घुस रहा था चीनी नागरिक, बिहार के रक्सौल में SSB ने पकड़ा: पिछले एक महीने में हुई 5 चीनियों की गिरफ्तारी, सुरक्षा एजेंसियाँ कर रहीं जाँच

बिहार के रक्सौल में एक चीनी नागरिक को नेपाल सीमा के रास्ते भारत में घुसपैठ करते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार (3 जून, 2025) को हुई है। उसे SSB के जवानों ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए चीनी शख्स की पहचान हुई जेशी के तौर पर हुई है।

SSB को उसका पासपोर्ट भी मिला है जिसकी अवधि 2034 तक की है। हालाँकि, उसके पास भारत में प्रवेश करने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था। उस पर जासूसी का शक भी है। यह चीनी नागरिक नेपाल के किसी चीनी प्रोजेक्ट में काम करता था। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके विषय में जाँच करने में जुटी है।

पिछले एक माह में 5 चीनी रक्सौल में घुसपैठ के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। मई, 2025 के अंत में भी मधुबनी सीमा पर 2 चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी हुई थी। जब पूछताछ की गई तब भाषा के आधार पर यह पता चला कि दोनों चीनी नगरिक हैं।