मोदी सरकार ने तुर्की की सेलेबी एविएशन होल्डिंग की सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के एक दिन बाद कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली है।
गुरुवार (15 मई 2025) को बोरसा इस्तांबुल (इस्तांबुल स्टॉक एक्सचेंज) में इसके शेयर 10% गिरकर 2,224 तुर्की लीरा (टीएल) पर बंद हुए। शुक्रवार (16 मई 2025) को इसमें और 10% की गिरावट आई, जिससे शेयर 2,002 टीएल पर आ गए। इस भारी गिरावट के चलते ट्रेडिंग को कई बार रोकना पड़ा।
सेलेबी एविएशन के लिए यह झटका बड़ा है क्योंकि 2024 में इसके कुल राजस्व का एक-तिहाई हिस्सा भारत स्थित सहायक कंपनियों से आया था। सेलेबी कंपनी ने भारत में 2008 में मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं के साथ एंट्री की थी। यह भारत में सालाना लगभग 58,000 उड़ानों और 5,40,000 टन कार्गो को संभालती है।