Sunday, July 13, 2025

अंतरिक्ष स्टेशन पहुँचे IAF पायलट शुभांशु शुक्ला, ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की हुई डॉकिंग: गले लगाकर दूसरे एस्ट्रोनॉट ने किया स्वागत

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला समेत 4 अंतरिक्ष यात्रियों को ले जा रहा ड्रैगन अंतरिक्ष यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया है। ड्रैगन कैप्सूल तय समय से 20 मिनट पहले डॉक हुआ।

पहले इनके पहुँचने का समय शाम 4.30 बजे था। इससे पहले क्रू मेंबर्स ने स्पेसक्राफ्ट से बातचीत की। करीब 2 घंटे तक जाँच होगी जिसमें स्पेसक्राफ्ट का दरवाजा खोलने की प्रक्रिया, हवा का दबाव शामिल है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में क्रू की एंट्री होगी।

ड्रैगन अंतरिक्ष यान को ये यात्रा पूरी करने में 28 घंटे लगे। 26 जून की शाम करीब 4 बजे यान ने अंतरिक्ष की ओर उड़ान भरी थी। इसमें शुभांशु शुक्ला के अलावा मिशन की कमांडर अमेरिका की डॉक्टर पेगी व्हिटसन, पोलैंड की सावोज उज्नांसकी और हंगरी के टिबोर कापू शामिल हैं। एक्सियम-4 मिशन के तहत ये चारों 14 दिनों तक यहाँ रहेंगे।

केन्द्रीय मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने शुभांशु शुक्ला समेत सभी अंतरिक्ष यात्रियों को शुभकामनाएँ दी हैं।

अमेरिकन कंपनी एक्सियम स्पेस के साथ नासा और स्पेस एक्स मिलकर इस मिशन को ऑपरेट कर रहे हैं। कंपनी का ये चौथा मिशन है। हालाँकि पहली बार एक भारतीय इससे गया है।