Friday, April 25, 2025

पत्नी सहित रामलला के दर्शन को पहुँचे धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, ‘मुंबई इंडियंस’ के अन्य खिलाड़ी भी पहुँचे राम मंदिर: लखनऊ से होना है मुक़ाबला

‘मुंबई इंडियंस’ (MI) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपनी पत्नी देविशा यादव के साथ उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित नवनिर्मित भव्य राम मंदिर के दर्शन किए। वो 5 अप्रैल को ‘लखनऊ सुपर जायंट्स’ (LSG) के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण IPL 2025 मुकाबले से पहले टीम के अपने साथियों ने साथ यहाँ पहुँचे।

सूर्यकुमार ने इस पवित्र स्थल पर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया और अपने अच्छे प्रदर्शन की कामना की। 34 वर्षीय सूर्यकुमार यादव इस समय शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को शानदार जीत दिलाई।

मुंबई इंडियंस ने 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मुकाबला आठ विकेट से जीता, जिसमें सूर्यकुमार ने मात्र नौ गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई। खासतौर पर आंद्रे रसेल के खिलाफ उनकी दूसरी ही गेंद पर फाइन लेग पर लगाए गए उनके छक्के ने खूब सुर्खियाँ बटोरीं।

अब उनकी नजरें ‘लखनऊ सुपर जायंट्स’ के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं, जहाँ ‘मुंबई इंडियंस’ को जीत की लय बरकरार रखने की जरूरत होगी।