भारत सरकार ने सीरिया में बिगड़ते हालात को देखते हुए अपने नागरिकों को जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी है। शुक्रवार (6 दिसंबर 2024) को विदेश मंत्रालय (MEA) ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि सभी भारतीय सीरिया की यात्रा करने से बचें।
एडवाइजरी में कहा गया, “सीरिया में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक सीरिया की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। वहाँ मौजूद नागरिक जल्द से जल्द उपलब्ध फ्लाइट्स से वापस लौटें और अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।”
MEA प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि सीरिया में लगभग 90 भारतीय नागरिक हैं, जिनमें 14 संयुक्त राष्ट्र संगठनों में काम कर रहे हैं। भारतीय दूतावास लगातार नागरिकों के संपर्क में है। किसी भी जानकारी या आपात स्थिति में दमिश्क स्थित भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +963 993385973 या ईमेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।
सीरिया में हाल ही में विद्रोही गुट हयात तहरीर-अल-शाम (HTS) के नेतृत्व में बड़े हमले हुए हैं, जिसमें कई अहम शहर जैसे अलेप्पो और हामा उनके कब्जे में आ गए हैं। इस संघर्ष ने सीरिया के गृहयुद्ध को एक नया मोड़ दे दिया है। विद्रोहियों का अगला लक्ष्य होम्स और राजधानी दमिश्क बताया जा रहा है।