Wednesday, April 9, 2025

पादरी जॉन जेबराज ने 2 नाबालिग लड़कियों का किया यौन उत्पीड़न, पार्टी के बहाने बुलाया था घर: POCSO में मामला दर्ज, फरारी में भी चेन्नई में करा रहा प्रार्थना सभा

तमिलनाडु में कोयंबटूर के पादरी जॉन जेबराज पर दो नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज किया गया है। 37 साल का जेबराज किंग्स जेनरेशन चर्च का पादरी है। उसके खिलाफ 21 मार्च 2025 को कोयंबटूर सेंट्रल ऑल विमेन पुलिस स्टेशन (AWPS) में पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित पादरी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

पुलिस के अनुसार, जॉन ने जीएन मिल्स इलाके में स्थित अपने घर में 14 साल और 17 साल की दो नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया था। 17 वर्षीय लड़की एक अनाथ है। उसे पादरी के ससुर ने गोद लिया था, जबकि 14 वर्षीय पीड़िता उसकी पड़ोसी है। पिछले साल जॉन के घर एक पार्टी आयोजित की गई थी। उसमें दोनों लड़कियाँ शामिल होने आई थीं। इसी दौरान उनका यौन उत्पीड़न किया गया।

घटना के बाद पादरी ने उन्हें धमकाया कि अगर किसी को इसके बारे में बताया तो वह उन्हें जान से मार देगा। हालाँकि, बाद में 14 वर्षीय पीड़िता ने इस घटना के बारे में अपने माता-पिता को बता दिया। इसके बाद परिजनों थाने में इसकी शिकायत की। हैरानी की बात यह है कि फरार होने के बावजूद जेबराज 31 मार्च को चेन्नई में एक प्रार्थना सभा में शामिल हुआ। उसने इंस्टाग्राम पर इसका वीडियो भी डाला है।