Wednesday, May 14, 2025

‘आतंक का कोई धर्म नहीं होता’: लोगों को पसंद नहीं आया पहलगाम पर पूर्व मिस एशिया का वीडियो, पेय बनाते हुए संवेदनशील मुद्दे पर की बात

पहलगाम में मंगलवार (22 अप्रैल, 2025) को हुए आतंकी हमले के बाद से देश भर में लोग इसकी निंदा कर रहे हैं। नेता और मंत्री एक्शन लेने की बात कर रहे हैं तो वहीं आम लोग भी सोशल मीडिया का सहारा लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। इस कड़ी में ‘मिस एशिया 2018’ रह चुकी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर तान्या मित्तल इस हमले पर कुछ ऐसा बोल गई हैं जो लोगों को पसंद नहीं आ रहा है।

तान्य मित्तल इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर हैं। अक्सर साड़ियों में अपनी फोटो डालती हैं और देश के अलग अलग मंदिरों का दौरा करती हैं। फरवरी में महाकुंभ में हुई भगदड़ में खुद के फँसे होने की बात पर भी इन्हें लोगों ने जमकर लताड़ा था। अब उन्होंने पहलगाम हमले पर एक पेय बनाते हुए वीडियो बनाई और कहा, “मीडिया और न्यूज में आतंक और आतंकियों के बारे में बात कर रहे हैं। मेरा मानना है कि आतंक का कोई धर्म नहीं होता। मेरे कुछ दोस्त भी वहाँ फँसे थे। उनको निकालने में कश्मीरी लोगों ने मदद की और उन्हें श्रीनगर तक लाकर छोड़ा। जो उस दिन हुआ वो गलत हुआ लेकिन आगे कुछ बड़ा भी हो सकता है। इसीलिए, हमे संवेदनशील होकर इस पर सोचना चाहिए।”

इसके बाद वह लोगों के निशाने पर आ गईं। लोगों ने कहा कि वह इतनी संवेदनशील हैं कि ड्रिंक बनाते हुए इस मुद्दे पर बोल रहीं। वहीं कुछ अन्य ने भी इनकी जमकर क्लास ली।