सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता के रास्ते मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी देखी गई। इसके चलते कोलकाता में ही विमान के सभी यात्रियों को उतरना पड़ा। वहीं, अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की एक और फ्लाइट को बिना कोई कारण बताए रद्द कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एअर इंडिया फ्लाइट AI-180 ने सैन फ्रांसिस्को से अपनी निर्धारित समय पर उड़ान भरी। लेकिन सोमवार (16 जून 2025) रात 12 बजे कोलकाता पहुँचते ही विमान के बाएँ इंजन में तकनीकी खराबी हो गई। चार घंटे बीतने के बाद कैप्टन ने सभी यात्रियों से प्लेन से उतरने का अनुरोध किया।
वहीं, अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-159 को मंगलवार (17 जून 2025) दोपहर 1.10 बजे उड़ान भरनी थी। लेकिन इससे पहले ही फ्लाइट के रद्द होने की सूचना मिली। फ्लाइट को अगले दिन के लिए रिशेड्यूल कर दिया गया। इस निर्णय के बाद से प्लेन में यात्रा करने वाले 250 लोग काफी परेशान है।
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद में एअर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही क्रैश हो गई थी। इसके बाद से ऐसी घटना सामने आई है। लगातार एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी की समस्या देखी जा रही है।