जम्मू कश्मीर में काम करने के लिए आने वाले मजदूरों पर आतंकियों के हमले जारी है। गुरुवार (24 अक्टूबर, 2024) को दक्षिणी कश्मीर के त्राल जिले में एक प्रवासी मजदूर को आतंकियों ने गोली मार कर घायल कर दिया। आतंकी हमले में मजदूर के हाथ में चोट आई है।
घायल हुए मजदूर की पहचान प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। प्रीतम सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। हमले के बाद इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है और आतंकियों की तलाश को सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इससे पहले 20 अक्टूबर, 2024 को आतंकियों ने गांदरबल में एक सुरंग के लिए काम करने वाले 7 मजदूरों की हत्या कर दी थी। यह मजदूर भी कश्मीर के स्थानीय निवासी नहीं थे। इस दौरान उन्होंने एक कश्मीरी डॉक्टर को भी मार दिया था। उनकी एक फुटेज भी सामने आई है।