भोपाल से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन को बीना और झाँसी के रास्ते में निशाना बनाया गया। यहाँ उपद्रवियों ने ट्रेन की खिड़की पर पत्थर फेंके, जिससे काँच चटक गया। ट्रेन को रोककर रेलवे पुलिस (आरपीएफ) ने जाँच शुरू की। फिर कुछ देर बाद चटके हुए काँच पर टेप लगाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
घटना बुधवार (25 जून 2025) शाम करीब 6.30 बजे झाँसी रेल मंडल के करारी क्षेत्र की है। ट्रेन नंबर 12001 मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली जा रही थी। तेज रफ्तार पकड़ती ट्रेन को झाँसी के करारी क्षेत्र में उपद्रवियों ने निशाना बनाया। उपद्रवियों ने कोच C-6 पर पथराव किया। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शताब्दी एक्सप्रेस को पहले भी दो बार पत्थरबाजी हुई है। इसी ट्रेन को ग्वालियर और विदिशा में अज्ञात लोगों ने पथराव किया था। इसके बाद पुलिस चौकन्ना हो गई है। पुलिस ने घटना के बाद ट्रेन की सुरक्षा बढ़ा दी है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।