हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के घुमारवीं में मिशनरियों के धर्मपरिवर्तन के लिए 5 लाख रुपए देने जैसे लालच को लेकर गाँव में माहौल गरमा गया है। लोगों ने ईसाई मिशनरी पर जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जाँच शुरू कर दी है। इस मामले में मुख्य आरोपित राजकुमार को बताया जा रहा है, जो ईसाइयत कबूल कर उसके प्रचार-प्रसार में लगा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के एक गाँव में रहने वाले संदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराया है। उसका कहना है कि वह अपने गाँव के नजदीक एक स्टोर से सामान खरीदने गया था। इस दौरान तीन महिला और तीन पुरुष उससे पास आए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि 6 लोगों में से एक ने खुद को गाँव टटेडा का निवासी राजकुमार बताया और बातचीत के दौरान उसे और उसके परिवार को ईसाइयत अपनाने के लिए प्रेरित करने लगा। उन लोगों ने धर्म परिवर्तन के बदले पाँच लाख रुपए, प्रतिमाह पांच हजार रुपए देने का लालच दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो हिन्दू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस थाना घुमारवीं में दर्ज करवाई।
एक दूसरे मामले में हवाण क्षेत्र के ही रवि कुमार ने भी पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पूरे परिवार पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा है। रवि कुमार ने मामले की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है।
इसके अलावा सुनीता देवी, मनोरमा, पूजा, चंपा, ओंकार सिंह, ओंकार देवी, सुमन, रविंद्र, राजकुमार और नवदीप सहित कई ग्रामीणों ने ईसाइयत का प्रचार करने के दौरान लोगों को प्रलोभन देने का आरोप लगाया है। इनलोगों ने निष्पक्ष जाँच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है।

