त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में शुक्रवार (28 फरवरी 2025) को करीब 20-25 बांग्लादेशी तस्कर भारतीय सीमा में घुस आए। ये लोग तस्करी के लिए भारतीय बदमाशों के साथ मिले हुए थे। रात साढ़े सात बजे बॉर्डर पिलर 2050/7-S के पास बीएसएफ की गश्ती टीम ने इन्हें रोका। तस्करों ने चेतावनी के बावजूद जवानों पर हमला कर दिया। इस झड़प में एक बीएसएफ जवान बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान तस्करों ने जवानों की बंदूक छीनने की कोशिश की, तो एक जवान ने आत्मरक्षा में नॉन-लेथल पंप एक्शन गन से गोली चलाई। इसमें एक बांग्लादेशी तस्कर मोहम्मद अलमिन, घायल हो गया और बाद में बिशालगढ़ अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसका शव अस्पताल के मुर्दाघर में रखा है।
बीएसएफ ने बताया कि हालात को काबू करने के लिए ऐसा करना पड़ा। इस घटना में तीन जवानों के घायल होने की भी खबर है। सभी का इलाज चल रहा है और हालत स्थिर है। पुलिस और बीएसएफ जाँच कर रहे हैं कि ये तस्कर कौन थे और इनका नेटवर्क कहाँ तक फैला है।