Wednesday, June 18, 2025

भारत-नेपाल सीमा पर वीडियो बना थे चीनी लड़के, फोन में मिला खालिस्तानी कंटेंट: शक पर हुए गिरफ्तार, खुद को बता रहे थे ब्लॉगर

बिहार के मधुबनी जिले में बुधवार को भारत-नेपाल सीमा पर 2 चीनी नागरिक वीडियो बना रहे थे। बार-बार दोनों के भारतीय सीमा के चेक पोस्ट का वीडियो बनाने पर उन पर शक हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके फोन की भी जाँच की गई तो उसमें खालिस्तानी समर्थन से जुड़े कंटेंट भी मिले।

पूछताछ के दौरान SSB को दोनों की भाषा समझ में नहीं आ रही थी। चीनी युवकों का नाम जानने के लिए दोनों से उनका नाम लिखवाया गया और गूगल ट्रांसलेटर की सहायता से SSB को पता चला कि एक युवक का नाम वू हैलॉन्ग और दूसरे का शेंग जूनयोंग है।

गिरफ्तार युवकों के पास भारत में प्रवेश करने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। SSB के अनुसार, गिरफ्तार युवकों से वीडियो बनाने का कारण पूछने पर उन्होंने जवाब दिया कि वे वीडियो ब्लॉगर हैं और टिकटॉक पर वीडियो बनाते हैं। 

तलाशी के दौरान उनके फोन में खालिस्तानी समर्थन से जुड़े वीडियो मिले हैं। साथ ही भारत से जुड़ी कई और जरूरी जानकारी भी प्राप्त हुई है।