Friday, July 11, 2025

फिरोजपुर में पकड़े गए 2 खालिस्तानी आतंकी, जग्गा सिंह-मनजिंदर सिंह के पास से RDX भी बरामद: NIA ने रखा था ₹10 लाख का ईनाम

पंजाब के फिरोजपुर में पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जग्गा सिंह और मनजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया, जो आतंकी साजिश में शामिल थे। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ये दोनों जर्मनी में बैठे गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों के लिए काम करते थे। गोल्डी ढिल्लों गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी है।

पुलिस ने इनके पास से 2.8 किलो का IED बम बरामद किया, जिसमें 1.6 किलो RDX था। इसके साथ एक रिमोट कंट्रोल भी मिला। शुरुआती जाँच में पता चला कि ये बम किसी बड़े आतंकी हमले के लिए था।

डीजीपी ने कहा कि ये साजिश पाकिस्तान की ISI ने रची थी, जिसे नाकाम कर दिया गया। गोल्डी ढिल्लों पर NIA ने ₹10 लाख का इनाम रखा था। इस मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इसकी गहराई से जाँच कर रही है।