उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में 6 बहनों की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। छोटी बहन को बचाने नदी में कूदी बाकी बहनों ने भी अपनी जान गवा दी। घटना से पहले बनाई गई कुछ रील भी सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार (03 जून 2025) सुबह को सिकंदरा के नगला स्वामी गाँव की 6 बहने घर से 800 मीटर दूर नहाने गई थीं। इनमें 17 साल की मुस्कान, उसकी छोटी बहन 15 साल की संध्या, चचेरी बहन 13 साल की नैना, मौसेरी बहन सोनम, सुहानी और शिवानी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी बहने नदी के पास वीडियो रील बना रहे थे। तभी अचानक छोटी बहन संध्या गहरे पानी में चली गई। उसको बचाने के लिए बाकी बहनों ने नदी में छलाँग लगाई। लेकिन पानी का बहाव ज्यादा होने के चलते फँस गए।
इसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी 6 बच्चियों को बाहर निकाला। इनमें चार बहनों की मौत हो चुकी थी। जबकि बाकी दो बहनों को CPR देने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ कुछ घंटो बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि मुस्कान की 7 दिन पहले ही गोदभराई हुई थी। 1 नवंबर 2025 को शादी तय की गई थी। इसके साथ मौसी की दोनों बेटियाँ सोनव और शिवानी गंगा दशहरा के लिए नानी के घर आई थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।