उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के नवविवाहित कपल सिक्किम हनीमून मनाने गए थे। वहाँ पिछले 12 दिनों से दोनों लापता हैं। बताया गया कि उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा 8 लोग लापता हैं, इन्हीं में ये कपल भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह की शादी 05 मई 2025 को हुई थी। इसके बाद 24 मई को हनीमून पर सिक्किम घूमने गए थे। 29 मई को आखिरी बार दोनों की परिजनों से बात हुई थी, इसके बाद से वह लापता हैं। दोनों को खोजने उनके परिजन सिक्किम पहुँचे।
वहाँ जानकारी मिली कि 29 मई की रात सिक्किम के मंगन जिले से गंगटोक अपने होटल लौटते समय कौशलेंद्र और अंकिता की गाड़ी गहरी खाई में गिर गई थी। गाड़ी में ड्राइवर समेत 11 लोग सवार थे। हादसे में एक की मौत हुई थी, दो घायलों को रेस्क्यु कर लिया गया। वहीं, 8 लोग लापता हैं।
पुलिस पिछले 12 दिन से रेस्क्यु ऑपरेशन चलाकर लापता लोगों को ढूँढने में लगी है। रेस्क्यु टीम को तीस्ता नदी में गाड़ी डूबी मिली। इसके अलावा 10 मोबाइल फोन और कुछ सामान मिला है। लेकिन उसमें से कोई सामान यूपी के कपल का नहीं है।