Saturday, May 10, 2025

सपा नेता के होटल में मिली लड़की की लाश, रिटायर्ड दरोगा का बेटा हत्या करके फरार: पुलिस जाँच में जुटी, CCTV में दोनों कमरे में घुसते दिखे

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के नेता के होटल में एक लड़की की लाश मिलने का मामला सामने आया है। छानबीन में पता चला है कि शुक्रवार (25 अप्रैल 2025) को एक रिटायर्ड दरोगा का बेटा अपनी प्रेमिका के साथ यहाँ समय बिताने आया था।

कमरा दो घंटे के लिए बुक था, लेकिन कुछ समय बाद ही वो होटल से निकल गया। समय बीतने के बाद होटल वालों ने कमरा खोला तो कमरे में लड़की की लाश थी।

पुलिस अब आरोपित की तलाश में है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को पता चला है कि आरोपित का नाम अभिषेक है और मृतिका का नाम ऋतु पाल था। लड़की के पिता मजदूरी करते हैं। उसके दादा ने इस केस में तहरीर दी है।

होटल को लेकर पुलिस को पता चला है कि ये होटल समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष अश्विनी सोनी का है। इसका नाम सिटी प्राइम रेजिडेंसी है, जो भगवा चुंगी चौराहे के पास नया माल गोदाम रोड पर बना है। पुलिस केस में दुष्कर्म समेत हर एंगल से जाँच कर रही है। सामने आई तस्वीरों में लड़की का शव बेड पर पड़ा दिख रहा है और उसके गले में उसकी चुन्नी लिपटी हुई है।