उत्तराखंड कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता और उपाध्यक्ष (संगठन) मथुरा दत्त जोशी ने शनिवार (4 जनवरी 2025) को कॉन्ग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। जोशी ने यह कदम तब उठाया, जब पिथौरागढ़ से उनकी पत्नी रुक्मणि जोशी को स्थानीय निकाय चुनावों में महापौर पद के लिए टिकट नहीं दिया गया।
जोशी ने कॉन्ग्रेस से इस्तीफा देते हुए कहा, “मैंने 1978 से पार्टी के लिए मेहनत की है, लेकिन यहाँ सिर्फ काम लिया जाता है, सम्मान नहीं दिया जाता। पार्टी पूरी तरह बिखर चुकी है।” हालाँकि इसके बाद कॉन्ग्रेस ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। इस घटनाक्रम को कॉन्ग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मथुरा दत्त जोशी जी, पूर्व दर्जाधारी मंत्री व कांग्रेस नेता श्री बिट्टू कर्नाटक जी एवं पूर्व… pic.twitter.com/YwzKPFn303
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 4, 2025
भाजपा के राज्य मीडिया समन्वयक मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में जोशी सहित कई वरिष्ठ कॉन्ग्रेस नेता और उनके समर्थक भाजपा में शामिल हुए।