Monday, December 23, 2024

‘रिटायर नहीं हो रहा, चाहिए लंबा ब्रेक’: फिल्मों से संन्यास लेने पर एक ही दिन में पलटे विक्रांत मैसी, कहा- लोगों ने गलत समझा

एक्टर विक्रांत मैसी ने स्पष्ट किया है कि वह एक्टिंग के करियर से रिटायरमेंट नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें बस एक लंबा ब्रेक चाहिए। विक्रांत ने कहा है कि काफी मेहनत के बाद उनकी ऊर्जा खत्म हो गई है और उसे वापस लाने के लिए उन्हें यह लंबा ब्रेक चाहिए।

मैसी ने मीडिया को बताया कि काफी ज्यादा मेहनत की वजह से उनके स्वास्थ्य पर भी फर्क पड़ा है। मैसी ने कहा कि ब्रेक लेने के अनाउंसमेंट को लोगों ने गलत तरीके से पढ़ लिया है। विक्रांत मैसी ने सोमवार (2 दिसम्बर, 2024) को एक पोस्ट करके कहा था कि 2025 में वह और उन्हें पसंद करने वाले एक बार और मिलेंगे।

इसके बाद यह बहस चालू हो गई थी कि आखिर विक्रांत मैसी 37 वर्ष की आयु में ही क्यों रिटायर हो रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया था। हालाँकि, उन्होंने इस पर अब सफाई दे दी है।