Monday, March 24, 2025

विनोद कांबली के दिमाग में खून के थक्के जमे, ठाणे का अस्पताल करेगा मुफ्त उपचार: बेहोशी की हालत में कराया गया था एडमिट

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को मस्तिष्क में थक्के होने की समस्या सामने आई है। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें 21 दिसंबर 2024 को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद यह कदम उठाया गया, बताया जा रहा है कि वो बेहोश हो गए थे।

डॉ. विवेक त्रिवेदी ने बताया कि 52 वर्षीय कांबली ने शुरुआत में पेशाब में संक्रमण और ऐंठन की शिकायत की थी। जाँच के बाद उनके मस्तिष्क में थक्के पाए गए। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रख रही है।

अस्पताल के इंचार्ज एस. सिंह ने कांबली को आजीवन मुफ्त इलाज की सुविधा देने की घोषणा की है। कांबली पिछले एक दशक से स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

1996 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे कांबली हाल ही में अपने कोच रमाकांत आचरेकर की स्मृति सभा में नजर आए थे। यहाँ अपने बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर से मिलकर वह भावुक हो गए थे।