Saturday, March 8, 2025

वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ₹7 करोड़ के चेक बाउंस का है मामला

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के भाई विनोद सहवाग को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला चेक बाउंस का है। जानकारी के अनुसार 2018 में जब विनोद सहवाग की कंपनी जाल्टा फूड एंड बेवरेजेस ने हिमाचल प्रदेश की श्री नैना प्लास्टिक कंपनी से सामान खरीदा था। इसके बाद जाल्टा ने श्री नैना प्लास्टिक को 7 करोड़ रुपए के सात चेक दिए थे, प्रत्येक चेक की राशि 1 करोड़ रुपए थी।

जब श्री नैना प्लास्टिक ने इन चेकों को बैंक में जमा कराया, तो सभी चेक बाउंस हो गए क्योंकि खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं थी। इसके बाद, कंपनी ने जाल्टा फूड एंड बेवरेजेस से संपर्क किया, लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस स्थिति में, श्री नैना प्लास्टिक ने कानूनी नोटिस भेजा और 15 दिनों के भीतर भुगतान की माँग की। जब भुगतान नहीं किया गया, तो उन्होंने चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया।

इस मामले में सुनवाई करते हुए चंडीगढ़ जिला अदालत ने पहले विनोद सहवाग और उनके दो साथियों को पेश होने के लिए समन जारी किया था। हालाँकि, वे बार-बार अदालत में उपस्थित नहीं हुए, जिसके कारण उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया।