Tuesday, June 10, 2025

माँ कामाख्या पर गंदी टिप्पणी करने वाला वजाहत खान बंगाल में गिरफ्तार, असम में FIR दर्ज होने के बाद से था गायब: शर्मिष्ठा पर इसी ने किया था केस

कोलकाता में वजाहत खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुग्राम की लॉ स्टूडेंट और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ उसने शिकायत दर्ज कराई थी जिसके आधार पर शर्निष्ठा की गिरफ्तारी हुई थी।

वजाहत खान 1 जून से फरार था। उसने हिन्दू देवी देवताओं और परंपराओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और गंदी भाषा लिख कर पोस्ट किए थे। पुलिस ने उसे तीन बार नोटिस भेजा लेकिन वो पेश नहीं हुआ। उसकी तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की। आखिरकार उसे कोलकाता पुलिस ने एम्हस्ट स्ट्रीट इलाके से गिरफ्तार कर लिया। 2 जून को वजाहत के खिलाफ श्रीराम स्वाभिमान परिषद ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शर्मिष्ठा पनोली को 30 मई को गिरफ़्तार किया गया था। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर चुप्पी को लेकर मुस्लिम बॉलीवुड हस्तियों पर निशाना साधते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था। शर्मिष्ठा पर सांप्रदायिक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने वीडियो हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी भी माँग ली थी। अब उन्हें कड़ी शर्तों के साथ अंतरिम बेल दी गई है।