Sunday, April 20, 2025

‘ईद पर सड़कों पर नमाज, रामनवमी शोभायात्रा की अनुमति नहीं’: बंगाल पुलिस की रोक के बाद हिन्दू संगठन पहुँचा कोर्ट

हावड़ा पुलिस ने इस साल रामनवमी शोभायात्रा निकालने की ‘अंजनी पुत्र सेना’ की अर्जी खारिज कर दी है। पुलिस का कहना है कि 2022 और 2023 में इसी मार्ग पर शोभायात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा हुई थी, जिसके कारण इसे संवेदनशील क्षेत्र माना गया है। 2023 में भी इसी आधार पर अनुमति नहीं दी गई थी।

पुलिस ने यह भी दावा किया कि 17 अप्रैल, 2024 को रैली के दौरान कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई शर्तों का उल्लंघन किया गया था। हालाँकि, आयोजकों को दो वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं, लेकिन मूल मार्ग की अनुमति नहीं दी गई।

‘अंजनी पुत्र सेना’ के संस्थापक-सचिव सुरेंद्र वर्मा ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रशासन हर साल इसी आधार पर रामनवमी शोभायात्रा रोकने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, “ईद पर लोग सड़कों पर नमाज अदा करते हैं, लेकिन जब रामनवमी की बात आती है, तो प्रशासन को परेशानी होती है। संगठन ने पुलिस के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है।”