उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के नैहाटी में रविवार (12 जनवरी 2025) की रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तीन गोलियाँ मार दी। आरोपित का नाम महेंद्र प्रताप घोष है, जिसने अपनी 30 वर्षीय पत्नी चंद्रलेखा घोष को गोलियाँ मारी। चंद्रलेखा को छाती, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें बारासात के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना तब शुरू हुई जब रियल एस्टेट एजेंट पति महेंद्र ने पत्नी चंद्रलेखा से अपने पसंदीदा एक्टर की फिल्म देखने की जिद की। चंद्रलेखा अनमने मन से उनके साथ गईं। सिनेमाघर में उनकी बहस चलती रही और इंटरवल के दौरान चंद्रलेखा फिल्म छोड़कर घर लौट आईं। महेंद्र करीब 7:15 बजे घर पहुँचे। दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद रात 8 बजे यह घटना हुई। महेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित तौर पर तीन गोलियाँ चलाईं।
महेंद्र ने दावा किया कि सफाई करते वक्त गलती से गोली चली। चंद्रलेखा के चाचा बबलू घोष ने भी इसे ‘दुर्घटनावश’ माना। पुलिस ने महेंद्र को गिरफ्तार कर रिवॉल्वर जब्त कर लिया है और मामले की जाँच कर रही है। फिलहाल पुलिस को चंद्रलेखा के बयान का इंतजार है।