Thursday, February 27, 2025

कोलकाता नगर निगम ने विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी खत्म की, ईद पर दिया 2 दिन का अवकाश… विरोध के बाद ‘Typo’ बता आदेश लिया वापस

ममता बनर्जी के राज्य पश्चिम बंगाल में कोलकाता नगर निगम ने विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी रद्द कर दी और ईद की छुट्टी को बढ़ाकर दो दिन कर दिया। नगर निगम ने यह आदेश हिंदी मीडियम स्कूलों को लिए लागू किया था। इस फैसले का भाजपा से लेकर सोशल मीडिया तक विरोध हुआ। आखिरकार कोलकाता नगर निगम ने इसे अनजाने में हुई लिखावट की गलती बताकर इस आदेश को वापस ले लिया।

इतना ही नहीं, इस आदेश को जारी करने वाले शिक्षा विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। म्यूनिसिपल कमीश्नर ने कहा कि यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की बिना सहमति के ही जारी किया गया था। यह आदेश 25 फरवरी को जारी किया गया था। इस पर कोलकाता नगर निगम के शिक्षा विभाग के मुख्य प्रबंधक के नाम से हस्ताक्षर भी किया हुआ था।

जारी किया नोटिस, जिसे अब रद्द कर दिया गया है (साभार: ईटीवी भारत)

ममता बनर्जी की सरकार पर हमला बोलते हुए इसे ‘मुस्लिम लीग पार्ट-2’ की सरकार कहा। भाजपा नेता जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने पूछा कि शिक्षा विभाग के चीफ मैनेजर को ऐसा नोटिस जारी करने का हुक्म किसने दिया? उन्होंने कहा कि बंगाल का कोई भी अधिकारी अपने दम पर ऐसा आदेश नहीं जारी कर सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि कोलकाता नगर निगम का प्रशासन कोलकाता के मेयर एवं TMC नेता फिरहाद हकीम के हाथों में है।