Friday, March 21, 2025

अकबर-औरंगजेब के बारे में खूब बताया, लेकिन संभाजी महाराज के बारे में नहीं पढ़ाया: ‘आकाशवाणी’ ने पूछा मुश्किल सवाल, फिल्म ‘छावा’ को बताया अद्भुत

क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन में बारे में पढ़ाए ना जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि अकबर की महानता और औरंगजेब के बारे में खूब बात हुई है लेकिन संभाजी महाराज के विषय में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने यह टिप्पणी छत्रपति संभाजी महाराज पर बनी फिल्म ‘छावा’ देखने के बाद कही है।

आकाश चोपड़ा ने अपने ट्वीट में लिखा, “आज छावा देखी। बहादुरी, निस्वार्थता और कर्तव्य अविश्वसनीय कहानी। असली सवाल है कि हमें स्कूल में छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में क्यों नहीं पढ़ाया गया? कहीं भी उनका ज़िक्र तक नहीं है।”

आगे उन्होंने लिखा, “हालाँकि, हमने यह ज़रूर पढ़ा कि अकबर एक महान और न्यायप्रिय राजा था, और दिल्ली में औरंगज़ेब रोड नाम की एक प्रसिद्ध सड़क भी है। ऐसा क्यों और कैसे हुआ?” आकाश चोपड़ा का यह ट्वीट अब वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि छत्रपति संभाजी महाराज की जीवनी पर आधारित फिल्म ‘छावा’ को 14 फरवरी, 2025 को रिलीज किया गया था। विक्की कौशल ने इस फिल्म में छत्रपति संभाजी का रोल निभाया है। यह फिल्म 17 फरवरी, 2025 तक ही ₹116 करोड़ से अधिक कमाई कर चुकी है।