Saturday, June 21, 2025

जिसने बजिंदर सिंह को भिजवाया जेल, उस पर अब हिमाचल प्रदेश में गैंगरेप-अपहरण की FIR: बोली महिला- सलाखों के पीछे से साजिश रच रहा पादरी

पादरी बजिंदर सिंह को जेल भिजवाने वाली महिला और उसके पति पर पुलिस केस दर्ज हुआ है। दोनों पर गैंगरेप, अपहरण और मारपीट का आरोप है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने इन आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि पादरी के खिलाफ केस करने के चलते वह सारा दिन पुलिस सुरक्षा में रहते हैं। महिला ने दावा किया है कि जेल में बंद पादरी उनके खिलाफ साजिश रच रहा है।

महिला ने आगे बताया कि इस मामले में उनकी जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है। इसके बाद हिमाचल के डीजीपी को पत्र लिखकर जाँच की माँग की गई है। इसमें लिखा है कि पुलिस लगातार इस मामले को लेकर उन्हें परेशान कर रही है, जबकि वह 24 घंटे सिक्योरिटी में रहते हैं।

गौरतलब है कि यशु-यशु वाले बाबा नाम से मशहूर पादरी बजिंदर सिंह पर 2018 में महिला ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद मार्च 2025 को कोर्ट के फैसले के बाद से पादरी जेल में बंद है। महिला ने दावा किया कि पादरी ही जेल से उनको फँसाना चाहता है। इसीलिए ऐसे झूठे आरोप लगा रहा है।