6 लड़कियों समेत 7 रोहिंग्या असम में घुसपैठ से पहले गिरफ़्तार

मानव तस्करों के निशाने पर रोहिंग्या नाबालिग (प्रतीकात्मक चित्र)

त्रिपुरा-असम बॉर्डर से रेलवे पुलिस फ़ोर्स (आरपीएफ) ने 7 नाबालिग रोहिंग्यों को गिरफ़्तार किया है। सभी को उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार किया गया। ये सभी यहाँ से ट्रेन पकड़कर असम जाने वाले थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नॉर्थ ईस्ट रेलवे फ्रंटियर ज़ोन के एक आरपीएफ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। गिरफ़्तार किए गए इन रोहिंग्याओं में 6 लड़कियाँ और एक लड़का हैं।

आरपीएफ के एक अधिकारी ने कहा, “ये सभी 18 साल से कम उम्र के हैं। कानूनी औपचारिकता पूरी की जाने के बाद इन्हें कोलकाता पुलिस को सौंप दिया जाएगा।” बता दें कि, बीते दो हफ़्तों में कुल 68 रोहिंग्या मुस्लिमों को त्रिपुरा में पकड़ा जा चुका है। इनमें ज़्यादातर बच्चे ही शामिल हैं।

https://twitter.com/ANI/status/1091968093629308928?ref_src=twsrc%5Etfw

अधिकारियों ने कहा कि ये रोहिंग्या अगरतल्ला से धर्मनगर तक बस से आए थे, उन पर कुछ मानव तस्करों की नज़र थी। उन्होंने कहा, “जब तस्करों को आरपीएफ की मौजू़दगी का पता चला तो वो इन्हें स्टेशन पर छोड़कर भाग गए।”

बच्चों की भाषा नहीं समझ पा रहे अधिकारी

बताया जा रहा है कि गिरफ़्तार किए गए रोहिंग्या जिस भाषा में बात कर रहे हैं, उसे अधिकारी नहीं समझ पा रहे। इनके पास असम का रेल टिकट भी मिला है। एक अधिकारी ने कहा कि इन रोहिंग्याओं को त्रिपुरा सरकार द्वारा चलाए जाने वाले जुवेनाइल होम में भेजा जा सकता है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया