एक चट्टान, सौ शैतान, इस कलियुग में आ रहा है भोला… माथे पर भस्म लगाए अजय देवगन का लुक, टीजर में पढ़ते दिखे थे भगवद्गीता

अजय देवगन की फिल्म 'भोला' का मोशन पोस्टर रिलीज हुआ (फोटो साभार: @taran_adarsh)

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) के सितारे इन दिनों बुलंदी पर हैं। ‘दृश्यम 2’ की सफलता के बाद वह अपनी फिल्म ‘भोला’ (Bhola) को लेकर खासे चर्चा में हैं। मंगलवार (20 दिसंबर, 2022) को अजय देवगन की फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया गया। इस पोस्टर में अजय देवगन दमदार लुक में नजर आ रहे हैं। फर्स्ट पोस्टर लुक में माथे पर भस्म और आँखों में एग्रेशन उनके फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। इसके साथ ही इसका बैकग्राउंड म्यूजिक भी जबरदस्त है।

‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर पर इस मोशन पोस्टर को शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “एक चट्टान, सौ शैतान। इस कलयुग में 30 मार्च, 2023 को आ रहा है भोला।”

फिल्म के मोशन पोस्टर पर सबसे पहले स्क्रीन पर ‘एक चट्टान, सौ शैतान’ लिखा हुआ दिखाई देता है। इसके बाद बैकग्राउंड से आवाज आती है- बड़ा बवाल काटे हो, अरे का नाम है तुम्हारा मरदवा? पहले कभी दिखे नहीं। इसके बाद अजय देवगन की आवाज आती है – “दिखे होते हो तू नहीं दिखता।” इसके बाद अजय देवगन का दमदार लुक नजर आता है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स उनके लुक के कायल हो गए हैं। वे अभी से ‘भोला’ को सुपरहिट बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “बाकी सब एक तरफ, अजय देवगन एक तरफ।”

(फोटो साभार: अजय देवगन का इंस्टाग्राम)

एक और यूजर लिखता है- ट्रेलर दे दो भाई जल्दी से। सतीश पवार नाम के यूजर ने लिखा, “तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले सुपरस्टार अजय देवगन का एक्स्ट्राऑर्डिनरी लुक। भोला सुपरहिट।”

(फोटो साभार: अजय देवगन का इंस्टाग्राम)

विजय प्रकाश कुवाल ने लिखा कि वह 30 मार्च को भोला का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखेंगे।

यह फिल्म सिनेमाघरों में 30 मार्च, 2023 को रिलीज होगी। दर्शक अजय का धाँसू लुक देखने के बाद इस फिल्म के ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म 3डी में रिलीज होगी। ‘भोला’ में अजय देवगन को एक निडर पिता के रूप में दिखाया गया है, जो अपनी बेटी से मिलने के लिए उसके रास्ते में आने वाले किसी भी व्यक्ति से लड़ सकता है। इसमें अजय देवगन के साथ एक्ट्रेस तब्बू भी अहम किरदार में हैं।

‘भोला’ साउथ इंडियन फिल्म ‘कैदी’ का हिंदी रीमेक है। यह फिल्म 25 अक्टूबर 2019 को रिलीज हुई थी। फिल्म में अभिनेता कार्ति ने लीड रोल निभाया है। ये फिल्म सुपरहिट रही थी। फिल्म का मुख्य किरदार एक जेल का कैदी होता है। निर्देशक मणिरत्नम की फिल्म ‘पोन्नियिन सेलवन: 1’ में भी कार्ति के किरदार को काफी पसंद किया गया था।

बता दें कि अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 2’ रिलीज के 1 महीने बाद भी सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। अब तक, ‘दृश्यम 2’ ने भारत में 222.10 करोड़ नेट रुपए कमा लिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस वीकेंड पर यह फिल्म 225 करोड़ का आँकड़ा पार कर जाएगी। दुनिया भर में इसकी कुल कमाई 316 करोड़ रुपए के आँकड़े को पार कर चुकी है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया