प्रियंका चोपड़ा के लिए खुशी और गम: चचेरी बहन परिणीति सांसद राघव चड्ढा से करेंगी शादी, जेठानी सोफी टर्नर अपने पति से ले रही हैं तलाक

बॉलीवुड एक्टर प्रियंका चोपड़ा की बहन परणीति की 23 सितंबर को शादी जबकि जेठ-जेठानी का तलाक (चित्र साभार- NDTV)

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के लिए ‘थोड़ी खुशी थोड़ा गम’ जैसी स्थिति है। एक तरफ आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्डा से उनकी चचेरी बहन अदाकारा परिणीति चोपड़ा की शादी की तारीख तय हो गई है। वहीं दूसरी तरफ उनकी जेठानी सोफी टर्नर और जेठ जो जोनस ने लम्बे समय तक साथ रहने के बाद तलाक लेने का फैसला लिया है। दोनों ने तलाक के पेपर कोर्ट में लगा दिए हैं। सोफी और जोनस 2 बच्चियों के माता-पिता हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिणीति और राघव के वैवाहिक कार्यक्रम 23-24 सितम्बर 2023 को राजस्थान के उदयपुर के होटल लीला पैलेस और द ओबेरॉय उदयविलास में सम्पन्न होंगे। इन होटलों की बुकिंग हो गई है। इसके साथ ही शादी की तैयारियाँ भी शुरू हो गईं हैं।

शादी में शामिल होने वाले कुल मेहमानों की अनुमानित तादाद 200 है। इनमें से 50 गेस्ट VVIP बताए जा रहे हैं। इनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हैं। परिणीति की चचेरी बहन प्रियंका चोपड़ा भी अपने पति निक जोनस के साथ इस समारोह में शामिल होंगी।

माना जा रहा है कि बुक किए गए होटलों में हल्दी, मेहंदी और संगीत की रस्म 23 सितम्बर से ही शुरू हो जाएगी। इन होटलों को चेक करने के लिए 2 माह पहले ही सांसद राघव चड्डा अपनी होने वाली बीवी परिणीति के साथ उदयपुर गए थे।

शादी के बाद रिसेप्शन हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। 13 मई 2023 को राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा की सगाई दिल्ली के कपूरथला हाउस में हुई थी। तब आदित्य ठाकरे, पी चिदंबरम और कपिल सिब्बल सहित कई बड़े राजनेता इस कार्यक्रम का हिस्सा बने थे।

जेठ-जेठानी लेंगे तलाक

दूसरी तरफ, प्रियंका चोपड़ा के जेठ और जेठानी लम्बे समय तक साथ रहने के बाद तलाक ले रहे हैं। प्रियंका के जेठ गायक जो जोनस ने मंगलवार (5 सितम्बर 2023) को अभिनेत्री सोफी टर्नर से तलाक के कागजात अदालत में दाखिल कर दिए हैं। ये दोनों 2 बेटियों के माता-पिता हैं जिसमें बड़ी बेटी 3 व छोटी 1 साल की है।

पिछले लगभग 3 माह से जो जोनस अकेले ही दोनों बेटियों की देखभाल कर रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने अपनी शादी बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। तलाक की वजह दोनों की अलग-अलग जीवन-शैली बताई जा रही है। जो को घर रहना और फैमिली के साथ रहना पसंद है, जबकि सोफी को बाहर रहना और पार्टी करना ज्यादा पसंद है। सोफी और प्रियंका के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया