मुंबई इंडियंस ने चुन लिया अपना ‘भविष्य’: गुजरात टाइटंस से ₹15 करोड़ में खरीद कर हार्दिक पंड्या को बनाया नया कप्तान, रोहित शर्मा को बताया ‘फॉरएवर कैप्टन’

रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या बने मुंबई इंडियन्स के कप्तान (फोटो साभार : ESPNCricinfo)

मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से वापस लेने के एक माह बाद ही बड़ा फैसला लिया है। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया है। हार्दिक पांड्या पिछले 2 सीजन से गुजरात टाइटंस की सफल कप्तानी कर रहे थे, जिसमें उन्होंने पहले सीजन में अपनी टीम को चैंपियन बनाया, तो दूसरे सीजन में गुजरात टाइटंस ने फाइनल तक का सफल तय किया और चेन्नई सुपर किंग्स से फाइनल मुकाबले में हारने से पहले बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया। वहीं, रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने कप्तानी के भार से मुक्त कर दिया है।

रोहित शर्मा सबसे सफल खिलाड़ी और कप्तान

रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने बतौर खिलाड़ी और कप्तान अब तक 6 बार आईपीएल जीतने का गौरव पाया है, तो पाँच बार उनकी ही कप्तानी में मुंबई इंडियंस आईपीएल की ट्रॉफियाँ जीती हैं। वो बतौर कप्तान 5 बार चैंपियन होने के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी के साथ पहली पायदान पर हैं। रोहित शर्मा 10 साल तक मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे हैं। उन्होंने एक ट्रॉफी बतौर खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स के लिए भी जाता है।

रोहित शर्मा ने आईपीएल करियर में 158 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम को 87 मैचों में जीत मिली है, तो 67 मैचों में हार भी मिली है। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के चार मैच टाई भी रहे हैं। मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा की कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताबी जीत हासिल की थी। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस 2013 में ही चैंपियंस लीग की भी चैंपियन रही है। हालाँकि आईपीएल में मुंबई इंडियंस पिछले दो सीजन से नॉकआउट दौर में पहुँचने में नाकाम रही है।

हार्दिक पांड्या का जीत का प्रतिशत सबसे ज्यादा

उनकी जीत का प्रतिशत 55.06 रहा है। वहीं उनकी तुलना में महेंद्र सिंह धोनी जो आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं, उनकी जीत का प्रतिशत 58.84 रहा है। जबकि हार्दिक पांड्या इन दोनों ही पर भारी पड़ते हैं। आईपीएल में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीमों की जीत का प्रतिशत 70.96 रहा है। हार्दिक पांड्या ने आईपीएल करियर में 31 मैचों में कप्तानी की है, इसमें से उनकी टीम को 22 मैचों में जीत मिली है, तो 9 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

मुंबई इंडियन्स ने भविष्य को देखते हुए कप्तानी में बदलाव का निर्णय लिया है। चूँकि रोहित शर्मा ने पिछले साल हुए टी-20 विश्वकप के बाद से ही कोई भी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला इस फॉर्मेट में नहीं खेला है, ऊपर से उनके ऊपर टीम इंडिया की कप्तानी का भी बोझ है। ऐसे में मुंबई इंडियंस ने उनकी कप्तानी का भार हल्का करने के लिए हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से खरीद लिया और उन्हें कप्तान बना दिया है। उन्हें 15 करोड़ में गुजरात टाइटंस से खरीदा गया था।

मुंबई इंडियंस ने कहा – थैंक यू चैंप

इस बदलाव की सूचना देते हुए मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट का अहम हिस्सा बन चुके महेला जयवर्धने ने कहा कि मुंबई इंडियन्स की फ्यूचर रेडी फिलॉसफी के चलते ये बदलाव किया गया है। मुंबई इंडियन्स के पास समय समय पर बेहतरीन कप्तानों की लीडरशिप मिली है, जिसमें सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग जैसे नाम हैं। हमने भविष्य को ध्यान में रखते हुए हार्दिक पांड्या को चुना है। हम रोहित शर्मा को उनके शानदार कप्तानी करियर के लिए धन्यवाद देते हैं।

टीम ने कहा कि उन्होंने साल 2013 के सत्र से ही टीम की फ्रंट पर रहते हुए अगुवाई की है और मुंबई इंडियन्स को आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक बनाया है। साथ ही मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को ‘फॉरएवर कैप्टेन’ भी कहा है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया