बीकानेर में रेप के बाद दलित छात्रा की हत्या, पुलिस वाले ही निकले आरोपितों के साथी: थाने के सामने परिजनों का धरना

बीकानेर में दलित लड़की की रेप और हत्या के बाद थाने के बाहर परिजनों का धरना (चित्र साभार- @Khabar_raj)

राजस्थान के बीकानेर (Bikaner, Rajasthan) में मंगलवार (20 जून 2023) को एक दलित लड़की की रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने 2 पुलिसकर्मियों सहित कुल 3 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करवाई है। केस दर्ज होने पर पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया गया है। उनकी गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की माँग को लेकर मृतका के घर वालों ने थाने के आगे धरना दिया है। परिजनों ने मुआवजे के रूप में परिजनों ने एक सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपया की माँग की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना बीकानेर के खाजूवाला थाना क्षेत्र की है। दलित समाज की एक लड़की हर दिन की तरह मंगलवार की सुबह पढ़ाई के लिए कोचिंग गई थी। जब पीड़िता तय समय पर लौटकर घर नहीं पहुँची तो घर वालों ने तलाश शुरू की। उसी दिन लड़की के पिता को एक फोन आया, जिसमें उनकी बेटी के अस्पताल में होने की जानकारी दी गई। सूचना पर जब लड़की के पिता अस्पताल पहुँचे तो वहाँ उन्हें उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली।

मृतका के पिता को बताया गया कि उनकी बेटी का शव कस्बे में मिला था। मृतका के प्राइवेट पार्ट पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। लड़की के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दिनेश नाम का एक युवक आए दिन उनकी बेटी का पीछा किया करता था। दिनेश के साथी के तौर पर मृतका के पिता ने राजस्थान पुलिस के 2 सिपाहियों मनोज और भगीरथ का भी नाम लिया। शिकायत में दिनेश, मनोज और भगीरथ पर लड़की से रेप करके हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है।

मामले में तहरीर के बाद जाँच शुरू कर दी गई है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गहनता से जाँच के लिए मौके पर FSL टीम को लगाया गया है। मृतका के परिजन आरोपित पुलिसकर्मियों के निलंबन से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने दोनों सिपाहियों को बर्खास्त करके जेल भेजने की माँग करते हुए थाना खाजूवाला के आगे धरना दिया। इस धरने में भाजपा के स्थानीय नेता भी शामिल हो गए। नेताओं ने मृतका एक परिजन को सरकारी नौकरी और 1 करोड़ रुपए मुआवजे की माँग की।

चूरू से भाजपा विधायक राजेंद्र राठौर ने इस घटना पर प्रदेश की कॉन्ग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने इसे शर्मनाक घटना बताते हुए राजस्थान को NCRB (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) के मुताबिक राजस्थान को रेप के मामले में देश में सबसे ऊपर बताया। बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास प्रदेश का गृह विभाग भी है।

पहले भी लगे हैं ऐसे आरोप

गौरतलब है कि राजस्थान में पुलिस स्टाफ द्वारा किसी महिला से दुष्कर्म किए जाने का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले जुलाई 2021 में पाली जिले की एक विवाहित महिला ने पुलिस कॉन्स्टेबल अजयपाल भाकल पर रेप का आरोप लगाया था। आरोपों के बाद सिपाही अजयपाल को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके अलावा मई 2021 में राजस्थान के ही मटीली थाने के सिपाही मनीराम पर कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाकर एक महिला ने एफ माइनर नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी।

इसके अलावा, मार्च 2021 में में अलवर के खड़ेली थाना में अपने पति के खिलाफ FIR लिखवाने गई 26 वर्षीय महिला से बलात्कार का मामला सामने आया था। आरोप है कि खेड़ली थाने में तैनात सेकेंड ऑफिसर ने पीड़िता को पति से विवाद के निपटारे का झाँसा दिया। इसके बाद वो थाना परिसर में ही बने आवास में पीड़िता का रेप किया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया