गोलीकांड से थर्राया बेगूसराय, बाइक सवारों ने 40 km में 11 को बनाया शिकार: राह चलते लोगों पर बरसाई गोलियाँ, बिहार में लौटा जंगलराज

बिहार के बेगूसराय में राह चलते 11 लोगों पर दो बाइक सवारों ने चलाई गोली

बिहार में अपराध पहले ही चरम पर है और अब बेगूसराय में मंगलवार (13 सितंबर 2022) को हुए गोलीकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है। यह गोलीकांड में बाइक सवार दो बदमाशों ने 40 किलोमीटर के दायरे में 11 लोगों को गोली मारी है, जिसमें से एक की मौत हो गई है। पुलिस इस मामले की जाँच में जुटी हुई है और दोनों बदमाशों को साइको बता रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाशों ने बेगूसराय के आधे दर्जन इलाकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इस पूरी घटना में घायल हुए सभी लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जबकि चंदन कुमार नामक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि इन दोनों साइको शूटर्स ने राह चलते लोगों को गोली मारी है। इनमें मल्हीपुर में 2 लोगों को, बरौनी थर्मल चौक के पास 3 लोगों को, बरौनी में 2 लोगों को, तेघड़ा में 2 और बछवाड़ा में भी 2 लोगों को गोली लगी है।

बाइक सवार दोनों बदमाशों के बारे में अब तक कोई भी सूचना सामने नहीं आयी है। फिलहाल, पुलिस फायरिंग के कारणों के बारे में जाँच पड़ताल करने में जुटी हुई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के जरिए बाइक सवार बदमाशों की तलाश भी जारी है।

वहीं, इस मामले में केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने इस घटना को बिहार का दुर्भाग्य बताया है। उन्होंने कहा, “बिहार का दुर्भाग्य है कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। बिहार के मुख्यमंत्री को भय लगता है ये कहने में कि मैं जंगल राज का हूँ, जिस दिन वे ऐसा कहेंगे, वहाँ के उपमुख्यमंत्री उन्हें सत्ता से हटा देंगे।”

गोलीकांड में बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार का कहना है, मोटरसाइकिल में सवार दो लोग लोगों को गोली मार रहे हैं। दोनों साइको किलर प्रतीत हो रहे हैं। सभी थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया है. गाड़ियों की भी तलाशी ली जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी की गई है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया