पंजाब में AAP विधायक के पिता रेप केस में समझौता के लिए ₹10 लाख माँगने पर पकड़े गए, गुजरात में ₹1 करोड़ माँगने वाला पार्टी नेता गिरफ्तार

पंजाब के फाजिल्का के AAP विधायक जगदीप के पिता सुरिंदर (फाइल फोटो)

पंजाब में आप (AAP) विधायक जगदीप कम्बोज ‘गोल्डी’ के पिता सुरिंदर कम्बोज को भ्रष्टाचार के आरोप में शुक्रवार (21 अप्रैल 2021) को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर दुष्कर्म मामले में डरा-धमका कर 10 लाख रुपए की वसूली के आरोप हैं। शिकायतकर्ता सुनील कुमार नाम का प्रॉपर्टी डीलर है।

पुलिस ने इस मामले में सुरिंदर व दो महिलाओं सहित चार पर केस दर्ज किया है। पिता की गिरफ्तारी पर विधायक जगदीप का कहना है कि वो कानून के काम में कोई रुकावट नहीं डालेंगे। साथ ही उन्होंने लम्बे समय से पिता से कोई वास्ता न होने की भी बात कही है। जगदीप कम्बोज गोल्डी फाजिल्का के जलालाबाद से विधायक हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर सुनील ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा था कि एक जानकार महिला ने 20 अप्रैल 2023 को उन्हें कॉल किया था। महिला ने कहा था कि तीन साल पहले उसके पति की मौत हो गई है और अब उस पर कर्ज पर चढ़ गया है। उसने सुनील से यह भी कहा कि वह अपना मकान बेचकर एक छोटा घर खरीदना चाहती है, ताकि कर्ज को चुकता कर सके।

सुनील ने अपनी शिकायत में आगे बताया किसी इसके बाद वह महिला के कहने पर उसे मकान दिखाने ले गया। उसी दिन शाम को पहले महिला का फोन आया। उसके बाद एक अन्य महिला का फोन आया, जो खुद को महिला की बहू बता रही थी। उसने सुनील से कहा कि वह मकान दिखाने के बहाने महिलाओं को लेकर जाता है और उससे दुष्कर्म करता है।

कुछ समय के बाद विधायक जगदीप कम्बोज के पिता सुरिंदर ने सुनील को कॉल करके उन पर रेप का केस दर्ज होने की जानकारी दी और कहा कि वह मामले को सेटल करवा देगा। इसके लिए विधायक के पिता ने सुनील से 10 लाख रुपए की माँग की। AAP विधायक के पिता से मिली इस धमकी के बाद सुनील ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामले में सुरिंदर कंबोज, महिला महिला, उसके बेटे और बहू को नामजद किया गया है।

आरोपितों पर IPC की धारा 384 (जबरन वसूली) और 389 (जबरन वसूली के लिए डराना) के तहत FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने सुरिंदर कम्बोज को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, महिला ने भी इस मामले में प्रॉपर्टी डीलर सुनील के खिलाफ रेप केस दर्ज करवाया है। महिला ने कहा कि सुनील मकान दिखाने के बहाने उसे लेकर गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि रेप की घटना के बाद वह घर आकर अपने बेटे और बहू को इसकी जानकारी दी और बेटे ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। शिकायत पर पुलिस ने सुनील को भी गिरफ्तार किया है। डिप्टी SP अतुल सोनी के मुताबिक, मामले में जाँच की जा रही है।

पिता पर लगे आरोपों के बाद आप विधायक जगदीप कम्बोज गोल्डी ने उनसे कोई वास्ता न होने की बात कहते हुए कानून को फ्री छूट होना बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आप सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हुई है। वहीँ शिरोमणि अकाली दल में मामले में आप विधायक की भी संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की माँग की है।

गुजरात में आप नेता गिरफ्तार

वहीं गुजरात पुलिस ने 1 करोड़ रुपए की उगाही के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता युवराज सिंह जडेजा को गिरफ्तार किया है। जडेजा की गिरफ्तारी भावनगर जिले में हुई है। उन पर राज्य की सरकारी नौकरियों में पेपर लीक मामले में डमी उम्मीदवारों को बिठाने वाले गिरोह का मेंबर होने का आरोप है। आरोपित जडेजा के मनीष सोसोदिया के साथ तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया