फंदे से लटकी लड़की, हाथ पर ‘अकबर’ के नाम की मेहंदी… ईद का मेला घूमने गई थी नाबालिग, पिता बोले – जंगल में ले जाकर हुआ सामूहिक बलात्कार

साहिबगंज में लड़की की मिली लाश, हाथ पर लिखा था 'अकबर'

झारखंड के साहिबगंज में एक नाबालिग लड़की की लाश मिली है। मामला साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र का है। संदिग्ध अवस्था में युवती की मौत के बाद परिजनों ने सामूहिक बलात्कार का आरोप भी लगाया है। किशोरी के पिता ने बताया कि रात को उनकी बेटी को किसी ने फोन कॉल किया था, जिसके माध्यम से उसे मेला देखने के लिए बुलाया गया था। इसके बाद वो घर से बाहर निकली थी। हालाँकि, जब वो देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।

उसकी खोजबीन शुरू की गई। रात भर तलाशी चली लेकिन लड़की का कोई अता-पता नहीं चला। लड़की के पिता ने जानकारी दी कि जब उनकी बेटी सुबह घर पहुँची तो कुछ देर अपनी माँ से बात की और फिर अपने कमरे में चली गई। पिता ने ये भी बताया है कि उनकी बेटी के हाथ पर ‘अकबर’ नाम के युवक का मेहंदी से नाम लिखा हुआ था। उन्होंने ये भी बताया कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार किया गया है। उन्होंने 4 लोगों पर सामूहिक बलात्कार के आरोप लगाए हैं।

हालाँकि, दुमका प्रक्षेत्र की DIG ए विजया लक्ष्मी की बैठक में व्यस्त रहने के कारण बरहेट के थाना प्रभारी इस मामले की छानबीन नहीं कर पाए। पुलिसकर्मियों ने लड़की के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है। DIG ने SP को जाँच का आदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस जाँच कर रही है कि मामला प्रेम प्रसंग का है या फिर गैंगरेप का। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की तरफ से आवेदन मिलते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।

पीड़िता की उम्र मात्र 14 वर्ष थी। उसने फंदे से लटक कर आत्महत्या की है। अकबर अंसारी पर परिजनों ने लड़की को अपने प्रेम जाल में फँसाने का आरोप भी लगाया है। ईद के दिन सामूहिक बलात्कार हुआ। सब ईद के जश्न में डूबे हुए थे, ऐसे में इस आत्महत्या से तनाव का माहौल पैदा हो गया। बताया गया कि जब वो घर लौटी तब वो काफी डरी-सहमी थी, आसपास के लोग जमा हो गए थे और उसके बारे में पूछ रहे थे। परिवार का कहना है कि अकबर अंसारी उसे ईद घुमाने के बहाने जंगल में ले गया और वहीं उसका सामूहिक बलात्कार हुआ।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया