मस्जिद के पीछे प्लास्टिक के ड्रम में पड़ी मिली महिला की सिरकटी लाश, हाथ पर लिखा है – ‘महेश भाटी की धर्मपत्नी: शिनाख्त और कातिलों की तलाश में जुटी अलीगढ़ पुलिस

अलीगढ़ में मस्जिद के पीछे मिली 40 वर्षीया अज्ञात महिला की सिरकटी लाश (प्रतीकत्मक चित्र- arynews.tv)

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक महिला की सिर कटी लाश मिली है। शव एक मस्जिद के पीछे पड़ा हुआ था जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतका की उम्र 40 से 45 साल के बीच आँकी जा रही है। इस घटना के पीछे के कारणों की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। पुलिस ने शव को कब्ज़े में ले कर जाँच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार (28 जून, 2024) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना अलीगढ़ के थाना क्षेत्र क्वार्सी की है। यहाँ के पुराना छर्रा अड्डा कूड़ा घर के पास एक संदिग्ध प्लास्टिक का ड्रम पड़ा हुआ था। यह जगह मस्जिद के पीछे स्थित है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ड्रम की तलाशी ली तो अंदर एक महिला का शव पड़ा मिला। महिला का सिर गायब था। आसपास तलाश करने पर सिर का पता नहीं चल पाया। मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 साल के बीच बताई जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि लाश 2 से 3 दिन पहले ला कर वहाँ फेंकी गई रही होगी।

मृतका ने पीले रंग का सलवार सूट पहन रखा है। उसके हाथ में गोदना गुदा हुआ है। इसमें महेश सिंह भाटी धर्मपत्नी विनेश देवी लिखा हुआ है। इसके अलावा कुछ और भी लिखा हुआ है जो ठीक से पढ़ने में नहीं आ रहा है। आशंका इस बात की लगाई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर के लाश उस इलाके में खाली जगह देख कर फेंक दी गई हो। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। पूरे मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। मृतका की सूचना विभिन्न माध्यमों से प्रकाशित कर के शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

अलीगढ़ पुलिस के SP सिटी मृगांक शेखर ने बताया कि लाश का 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की हत्या कैसे हुई। आसपास के जिलों में भी महिला की सूचना पुलिस यूनिटों को दे दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया