बीवी गई थी मायके घर बुलाकर मदरसे के छात्र का किया रेप, फिर Video वायरल करने की धमकी दे बार-बार किया कुकर्म: नजाकत अली को नाबालिग ने मार डाला

मुज़फ्फरनगर में मदरसा छात्र ने बलात्कारी नजाकत अली की हत्या की (प्रतीकात्मक चित्र)

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पीरी-मुरीदी करने वाले नजाकत अली उर्फ नाजू की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उसकी हत्या के आरोप में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। मदरसे में पढ़ने वाले इस नाबालिग का नजाकत ने कई बार रेप किया था। इससे आजिज आकर नाबालिग ने सोमवार (20 मई 2024) को उसकी हत्या कर दी।

यह मामला मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र का है। झाड़-फूँक का काम करने वाला 45 वर्षीय नजाकत अली लूट, हत्या और गोकशी जैसे 6 मामलों में नामजद था। वह कई बार जेल भी जा चुका है। 20 मई को उसके भाई सदाकत ने पुलिस में सूचना दी कि नजाकत की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। मृतक के घर के बाहर ताला लगा हुआ था। अंदर नजाकत की लाश पड़ी हुई थी। हत्या धारदार हथियार से की गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू की।

पहले पुलिस ने नजाकत के पुराने आपराधिक इतिहास से उसकी पड़ताल शुरू की तो सफलता नहीं मिली। मुखबिरों से पुलिस को पता चला कि हत्या के दिन नजाकत के घर में एक नाबालिग लड़का गया था। पुलिस ने 15 साल के उस किशोर को खोज निकाला। किशोर नजाकत के घर के पास ही एक मदरसे में पढ़ता था। शुक्रवार (24 मई 2024) को उसे थाने बुलाया। पूछताछ में किशोर ने नजाकत की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

किशोर ने बताया कि 4 माह पहले जब वो मदरसे में पढ़ने गया था, तब नजाकत ने उसे अपने घर बुलाया था। घर में कोई और नहीं था। उसकी बीवी अपने 2 बेटों के साथ मायके गई थी। नजाकत अली ने किशोर को डरा-धमकाकर कुकर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना डाली थी। यही वीडियो वायरल करने की धमकी दे कर नजाकत ने मदरसे के छात्र से कई बार कुकर्म किया। इस वजह से छात्र काफी परेशान रहने लगा था।

सोमवार (20 मई) को दोपहर 2:30 पर नजाकत ने एक बार फिर से किशोर को अपने घर बुलाया। यहाँ वो किशोर से कुकर्म का प्रयास करने लगा। छात्र ने विरोध किया तो उसकी पिटाई की गई। इसी दौरान छात्र की नजर नजाकत के घर में रखे बाँके (हँसियानुमा धारदार हथियार) पर पड़ी। उसने बाँके को उठा कर नजाकत वार शुरू कर दिए। हमला नजाकत की गर्दन पर किया गया जिस से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित बाल अपचारी ने अपने अश्लील वीडियो को डिलीट करने के लिए बाँके से ही नजाकत के मोबाइल के टुकड़े-टुकड़े कर डाले।

हत्या करने और सबूत मिटाने के बाद नाबालिग ने अपने हाथ-पैर धोए। बाद में वह सीढ़ियों के रास्ते नजाकत के छत पर गया जहाँ से वो दूसरों के छतों से होता भाग निकला। नजाकत का मोबाइल भी टुकड़ों में तोड़ कर फेंक दिया गया। पुलिस ने बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है हत्या में प्रयोग किया गया बाँका बरामद कर लिया गया है। मामले में जाँच और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपित पर IPC 302 के तहत कार्रवाई की गई है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया