दोस्त प्रकाश की बीवी को भगा ले गया मकबूल, अजमेर शरीफ दरगाह ले जाकर 4 बच्चों की माँ का धर्मांतरण और निकाह: पति को आया हार्ट अटैक

कर्नाटक के गडग में हिन्दू व्यक्ति द्वारा अपने मुस्लिम दोस्त पर 'लव जिहाद' का आरोप (प्रतीकात्मक चित्र)

कर्नाटक के गडग से ‘लव जिहाद’ का मामला सामने आया है। यहाँ एक हिन्दू व्यक्ति ने मुस्लिम व्यक्ति पर अपनी बीवी को भगा ले जाने और इस्लाम कबूल करवा देने का आरोप लगाया है। महिला 4 बच्चों की माँ है। पीड़ित के मुताबिक उनकी पत्नी को धर्मांतरण से पहले अजमेर दरगाह ले जाया गया था। हिन्दू संगठनों ने पुलिस से आरोपित पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है। पुलिस आरोपित मकबूल, महिला और उसकी बेटी को हिरासत में ले कर पूछताछ कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति का नाम प्रकाश गुजराती है। वह गडग का रहने वाला है और पेशे से सुनार है। प्रकाश की मकबूल से पहली बार मुलाकात गोवा में हुई थी। दोनों ने कर्नाटक का मूल निवासी होने के नाते गोवा में दोस्ती कर ली। गोवा से लौटने के बाद मकबूल ने प्रकाश के बगल ही किराए पर कमरा ले लिया। इस दौरान मकबूल का प्रकाश के घर आना-जाना हो गया। प्रकाश ने बताया कि कुछ ही दिन में मकबूल उसकी पत्नी का अच्छा दोस्त बन गया।

मकबूल कुछ समय बाद प्रकाश की पत्नी हेमवती को अजमेर दरगाह घुमाने ले गया। आरोप है कि यहाँ उसने हेमवती को इस्लाम कबूल करवा दिया और अपने साथ निकाह कर लिया। वापस लौटने के बाद हेमवती घर छोड़ कर मकबूल के साथ भाग गई। जाते समय वह अपनी एक बेटी को भी साथ ले गई। प्रकाश ने पहले तो मकबूल से अपनी पत्नी लौटने की काफी मिन्नतें की लेकिन मकबूल नहीं माना। प्रकाश का आरोप है कि मकबूल ने उसे हेमवती के मुस्लिम बन जाने और अपनी बीवी बताते हुए उस से दूर रहने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि बीवी के जाने और मकबूल की धमकी के बाद प्रकाश को हार्ट अटैक भी आया। उधर प्रकाश के 2 बेटे भी बीमार पड़ गए। प्रकाश की शिकायत पर गडग के पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि आरोपित मकबूल, हेमवती और उसकी बेटी को हिरासत में ले कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ‘श्रीराम सेना’ ने भी मामले को ‘लव जिहाद’ बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की माँग की है। संगठन का कहना है कि कार्रवाई में हीलाहवाली होने पर आंदोलन किया जाएगा।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया